Books, Boards, Clocks & More

At ChessBase India Shop

Visit now!

new books banner
भोपाल पहुंचे भारत के 100वें ग्रैंड मास्टर अनुज श्रीवात्री, ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत
न्यूज़ बाइट्स

भोपाल पहुंचे भारत के 100वें ग्रैंड मास्टर अनुज श्रीवात्री, ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

by निकलेश जैन • 20 hours ago

मध्य प्रदेश के पहले ग्रैंड मास्टर का RKMP स्टेशन पर शतरंज प्रेमियों ने किया अभिनंदन

भोपाल, 13 नवंबर। भारत के 100वें और मध्य प्रदेश के पहले शतरंज ग्रैंड मास्टर अनुज श्रीवात्री गुरुवार रात 10 बजे भोपाल पहुंचे। रानी कमलापति (RKMP) रेलवे स्टेशन पर मध्य प्रदेश शतरंज संघ, भोपाल जिला शतरंज संघ और चेसबेस इंडिया के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।

स्वागत ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ हुआ। स्टेशन पर बड़ी संख्या में शतरंज प्रेमी, खिलाड़ी और बच्चे मौजूद थे, जिन्होंने अपने चैंपियन के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

कटनी के रहने वाले अनुज ने हाल ही में 7वीं आसियान प्लस इंडिविजुअल ओपन शतरंज चैंपियनशिप 2026 अकेले विजेता के रूप में जीती। इसी जीत के साथ उन्हें दीपावली के दिन ग्रैंड मास्टर का खिताब मिला। चौथी वरीयता (रेटिंग 2450) के साथ खेलते हुए अनुज ने 9 राउंड में 7 अंक बनाए, जिसमें 6 जीत, 2 ड्रॉ और 1 हार शामिल रही। उनकी परफ़ॉर्मेंस रेटिंग 2586 रही। टूर्नामेंट में उन्होंने मंगोलिया के ग्रैंड मास्टर दशज़ेग्वे शरावदोर्ज को हराया और वियतनाम के ग्रैंड मास्टर न्गुयेन डुक होआ से ड्रॉ खेला।

7 साल की उम्र में शुरू हुआ सफ़र

अनुज ने 7 वर्ष की उम्र में शतरंज खेलना शुरू किया था। 2017 में उरुग्वे में हुई विश्व युवा अंडर-14 चैंपियनशिप में उन्होंने बिना कोई बाज़ी हारे चौथा स्थान हासिल किया। 15 वर्ष 31 दिन की उम्र में वे मध्य प्रदेश और मध्य भारत के सबसे कम उम्र के इंटरनेशनल मास्टर बने थे। कोविड महामारी के दौरान लगभग तीन साल तक ओवर-द-बोर्ड टूर्नामेंट लगभग बंद रहे, फिर भी अनुज ने हार नहीं मानी और आख़िरकार ग्रैंड मास्टर का सपना पूरा किया।

आनंद ने दी बधाई

भारत का ग्रैंड मास्टर सफ़र 1988 में विश्वनाथन आनंद से शुरू हुआ था, जो लगभग 39 वर्षों में 100 तक पहुंचा है। पांच बार के विश्व चैंपियन आनंद ने अनुज को बधाई देते हुए इस उपलब्धि को 100 का शानदार "पटाखा" बताया। मध्य प्रदेश शतरंज संघ के सचिव कपिल सक्सेना ने कहा कि अब मध्य प्रदेश भी ग्रैंड मास्टर वाला राज्य बन गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश के और खिलाड़ी भी जल्द यह मुकाम हासिल करेंगे।

अनुज ने अपनी सफलता का श्रेय पिता अशोक श्रीवात्री और अपने प्रशिक्षकों को दिया।



Contact Us