Books, Boards, Clocks & More

At ChessBase India Shop

Visit now!

new books banner
तेलंगाना के दिविथ रेड्डी और दिल्ली की प्रिशिता गुप्ता बने राष्ट्रीय सब-जूनियर शतरंज चैंपियन
न्यूज़ बाइट्स

तेलंगाना के दिविथ रेड्डी और दिल्ली की प्रिशिता गुप्ता बने राष्ट्रीय सब-जूनियर शतरंज चैंपियन

by निकलेश जैन • 5 hours ago

हैदराबाद, 20 अक्टूबर । 51वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर (अंडर-15) ओपन एवं 42वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बालिका शतरंज चैंपियनशिप 2026 में मेजबान तेलंगाना के कैंडिडेट मास्टर दिविथ रेड्डी अदुल्ला (2086) ने ओपन वर्ग और दिल्ली की फ़ीडे मास्टर प्रिशिता गुप्ता (2129) ने बालिका वर्ग का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। 35वीं वरीयता प्राप्त दिविथ ने 9.5 अंक बनाकर बेहतर टाईब्रेक के आधार पर खिताब जीता, जबकि शीर्ष वरीय प्रिशिता ने 11 में से 10 अंक बनाकर पूरे एक अंक के अंतर से चैंपियनशिप पर कब्जा किया।

ओपन वर्ग : टाईब्रेक से तय हुआ खिताब
अंतिम राउंड में सबकी नजरें पहले बोर्ड पर थीं, जहां मध्यप्रदेश के फ़ीडे मास्टर माधवेंद्र प्रताप शर्मा (2389) और सबसे आगे चल रहे पांडीचेरी के फ़ीडे मास्टर मधेश कुमार एस (2327) के बीच खिताबी मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के साथ मधेश 9.5 अंकों पर पहुंचे, लेकिन दूसरे बोर्ड पर दिविथ रेड्डी ने महाराष्ट्र के बडोले शौनक (2100) को हराकर उनकी बराबरी कर ली और टाईब्रेक में बाजी मार ली। मधेश कुमार उपविजेता रहे।

तीसरे बोर्ड पर पश्चिम बंगाल के नीलाद्रि बनर्जी (2149) और गुजरात के समर्थ श्रीनि वारियर (2213) के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा, जिसके साथ नीलाद्रि 9 अंक बनाकर तीसरे स्थान पर रहे। मध्यप्रदेश के माधवेंद्र प्रताप शर्मा भी 9 अंक के साथ टाईब्रेक के आधार पर चौथे स्थान पर रहे। चौथे बोर्ड पर दिल्ली के फ़ीडे मास्टर आरित कपिल (2335) और केरल के फ़ीडे मास्टर आदिक थियोफेन लेनिन (2354) की बाजी भी ड्रॉ रही।

दिविथ रेड्डी का यह खिताब इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान शीर्ष वरीय गुजरात के फ़ीडे मास्टर ज्वल सौरिन पटेल (2421) को ड्रॉ पर रोका और अंतिम तीन राउंड में लगातार जीत के साथ पश्चिम बंगाल के कृषय जैन (2187), परमब्रत सरकार (2192) और महाराष्ट्र के बडोले शौनक को पराजित किया।

बालिका वर्ग : प्रिशिता का दबदबा
बालिका वर्ग में प्रिशिता गुप्ता ने पूरी प्रतियोगिता में दबदबा बनाए रखा। अंतिम राउंड में उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए आंध्रप्रदेश की महिला फ़ीडे मास्टर सरन्या देवी नरहरि (2018) को पराजित किया। दूसरे बोर्ड पर तमिलनाडु की महिला फ़ीडे मास्टर निवेदिता वी सी (2119) ने आंध्रप्रदेश की श्राव्यश्री भीमारसेट्टी (2020) को हराकर 9 अंकों के साथ उपविजेता का स्थान हासिल किया। तीसरे बोर्ड पर पश्चिम बंगाल की महिला फ़ीडे मास्टर मैत्रेयी मंडल (2100) और दिल्ली की आध्या जैन (2025) की बाजी ड्रॉ रही, जिसके साथ मैत्रेयी 8.5 अंक बनाकर तीसरे स्थान पर रहीं।

अंतिम स्थिति (ओपन वर्ग) :

  1. दिविथ रेड्डी अदुल्ला (तेलंगाना) – 9.5 अंक

  2. मधेश कुमार एस (पुदुचेरी) – 9.5 अंक

  3. नीलाद्रि बनर्जी (पश्चिम बंगाल) – 9 अंक

  4. माधवेंद्र प्रताप शर्मा (मध्यप्रदेश) – 9 अंक

अंतिम स्थिति (बालिका वर्ग) :

  1. प्रिशिता गुप्ता (दिल्ली) – 10 अंक

  2. निवेदिता वी सी (तमिलनाडु) – 9 अंक

  3. मैत्रेयी मंडल (पश्चिम बंगाल) – 8.5 अंक



Contact Us