बील शतरंज महोत्सव : लेवोन अरोनियन ने जीता मास्टर्स ट्रायथलॉन खिताब
बील, स्विट्जरलैंड। अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे अनुभवी ग्रैंडमास्टर लेवोन अरोनियन ने अपने पहले ही प्रयास में प्रतिष्ठित बील शतरंज महोत्सव 2026 के मास्टर्स ट्रायथलॉन का खिताब जीत लिया है । पूर्व विश्व नंबर दो अरोनियन ने रैपिड और ब्लिट्ज में शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुल 29.5 अंक जुटाए और प्रतियोगिता में बाजी मार ली। अंतिम दौर में उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आयदिन सुलेमानली के खिलाफ ड्रॉ खेलकर खिताब अपने नाम किया।
43 वर्षीय अरोनियन ने पूरे टूर्नामेंट में क्लासिकल शतरंज में आठों मुकाबले ड्रॉ खेले, लेकिन रैपिड में 10 में से 9 अंक और ब्लिट्ज में 10 में से 8.5 अंक हासिल कर निर्णायक बढ़त बना ली। वर्ष 2021 से अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे अरोनियन के नाम अब बील महोत्सव का प्रतिष्ठित खिताब भी जुड़ गया है। 2014 में वह 2830 की लाइव रेटिंग के साथ विश्व के दूसरे सर्वोच्च रेटिंग वाले खिलाड़ी रह चुके हैं।
अजरबैजान के आयदिन सुलेमानली दूसरे स्थान पर रहे। वह अंतिम दौर में जीत दर्ज कर खिताब की बराबरी कर सकते थे, लेकिन अरोनियन के मजबूत खेल के सामने उन्हें ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर तुर्की के युवा ग्रैंडमास्टर यागिज कान एर्दोगमुस रहे, जिन्होंने बेहतर चेस960 टाईब्रेक के आधार पर वियतनाम के ले क्वांग लीम को पीछे छोड़ा।
दूसरी ओर जेनरेशन चैलेंज का खिताब चेक गणराज्य के 16 वर्षीय आईएम वैक्लाव फिनेक ने अपने नाम किया। फिनेक ने प्रतियोगिता के पहले दिन बढ़त बनाई और अंत तक उसे कायम रखा। अंतिम दौर में चीन के शियाओ तोंग के साथ ड्रॉ खेलकर उन्होंने खिताब सुनिश्चित किया। शियाओ तोंग दूसरे और फ्रांस के मार्को माटेरिया तीसरे स्थान पर रहे।